फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम योगी आज बरेली में: प्रदेश के 70 हजार ग्राम प्रहरियों को देंगे सौगात, जनसभा से करेंगे चुनावी शंखनाद

Tue, 13 Oct 2026 08:29 AM IST
Mukesh Kumar अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बरेली दौरे पर हैं। इस दौरान वे पुलिस लाइन में ग्राम प्रहरियों से संवाद कर उनका मासिक मानदेय 2500 से बढ़ाकर 3500 रुपये करने की आधिकारिक घोषणा करेंगे। इससे प्रदेश के 70 हजार चौकीदारों को लाभ मिलेगा। इसके बाद सीएम बरेली क्लब मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे और शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी के समर्थन में शिक्षकों से संवाद करेंगे।
विज्ञापन
सीएम योगी आदित्यनाथ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बरेली में होंगे। पुलिस लाइन में प्रस्तावित कार्यक्रम में वह बरेली जोन के 5100 ग्राम प्रहरियों (चौकीदार) के समक्ष उनका मासिक मानदेय 2500 से बढ़ाकर 3500 रुपये करने की घोषणा करेंगे। इसका लाभ प्रदेश के 70 हजार चौकीदारों को मिलेगा। इसका शासनादेश सोमवार को ही जारी कर दिया गया। शिक्षकों की जनसभा करके सीएम रुहेलखंड से विधानसभा चुनाव का शंखनाद भी करेंगे। 

विज्ञापन




सीएम योगी हेलिकॉप्टर से मंगलवार पूर्वाह्न 11:40 बजे बरेली पुलिस लाइन पहुंचेंगे। यहीं वह चौकीदारों से मुखातिब होकर मानदेय वृद्धि की घोषणा करेंगे। बरेली व मुरादाबाद रेंज के नौ जिलों के 5100 चौकीदारों को इस कार्यक्रम में बुलाया गया है। उनके आवागमन व भोजन आदि की व्यवस्था में पुलिस-प्रशासन के अधिकारी जुटे हैं। बरेली रेंज के डीआईजी अजय कुमार साहनी, एसएसपी अनुराग आर्य ने मंगलवार को कार्यक्रम स्थलों पर जाकर जायजा लिया। 

सर्किट हाउस में घंटेभर विश्राम के बाद सीएम दो बजे बरेली क्लब में आयोजित जनसभा में पहुंचेंगे। यहां वह शिक्षक एमएलसी सीट से पार्टी प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के समर्थन में शिक्षकों से संवाद करेंगे। यहां नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य धर्मपाल सिंह व श्रुति गंगवार समेत अन्य मंत्री व विधायक भी मौजूद रहेंगे। तीन बजे मुख्यमंत्री पुलिस लाइन पहुंचकर हेलिकॉप्टर से लखनऊ रवाना हो जाएंगे। 

विज्ञापन
Trending Videos

140 बसों से जनसभा में पहुंचेंगे सात हजार लाभार्थी 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा में विभिन्न योजनाओं के सात हजार लाभार्थियों को पहुंचाने की तैयारी की गई है। इसके लिए प्रशासन ने 140 बसों की व्यवस्था की है। जिले के सभी ब्लॉकों से सोमवार सुबह ये बसें रवाना होंगी। प्रत्येक बस में 50-50 लाभार्थियों को कार्यक्रम स्थल तक लाया जाएगा।

डीपीआरओ कमल किशोर के अनुसार, लाभार्थियों को ब्लॉक स्तर से बसों के जरिये जनसभा स्थल तक पहुंचाया जाएगा। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं शामिल हो सकती हैं। लाभार्थियों को समय से जनसभा स्थल तक बसों के जरिये सामूहिक रूप से कार्यक्रम में पहुंचाया जाएगा।
 
विज्ञापन

शहर में बनाए गए चार सेफ हाउस 
आपात स्थिति से निपटने के लिए कार्यक्रम स्थल समेत जिला अस्पताल, मिशन अस्पताल, गंगाचरण अस्पताल में सेफ हाउस बनाए गए हैं। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि अधिकारियों को चिकित्सा व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी सौंपी है। कार्यक्रम के दौरान किसी व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने पर इलाज के इंतजाम मौके पर रहेंगे। सरकारी एंबुलेंस काफिले के साथ रहेंगी। 

सुरक्षा में तैनात रहेंगे 2100 पुलिसकर्मी
मुख्यमंत्री योगी के मंगलवार को बरेली में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर करीब 2100 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके लिए जोन के नौ जिलों से पुलिसकर्मियों को बुलाया गया है। पांच कंपनी पीएसी को भी लगाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए उपलब्ध कराए गए बल के विवरण के अनुसार, 10 एएसपी, 20 सीओ, 50 इंस्पेक्टर व थाना प्रभारी, 180 उपनिरीक्षक, 1500 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल और 200 महिला कांस्टेबलों की ड्यूटी लगाई गई है। 

इनके अलावा पांच ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 22 ट्रैफिक उप निरीक्षक, 120 ट्रैफिक हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल यातायात व्यवस्था संभालने के लिए तैनात किए गए हैं। एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें