बरेली। शहर में सीएम की मौजूदगी के बीच मंगलवार को 25 हजार लोगों (पांच हजार उपभोक्ता) ने बिजली कटौती झेली। सिविल लाइंस द्वितीय और मढ़ीनाथ उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में फॉल्ट के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सिविल लाइंस द्वितीय उपकेंद्र के कटरा चांद खां, सिंधु नगर, गुलाबबाड़ी, सेटेलाइट समेत अन्य इलाकों में बिजली आपूर्ति दोपहर एक से चार बजे तक ठप रही। मढ़ीनाथ उपकेंद्र के एक फीडर के ट्रांसफार्मर में फॉल्ट आने से शांति विहार, मढ़ीनाथ, गणेशनगर, नेकपुर समेत अन्य संबंधित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को शाम पांच से सात बजे तक बिजली संकट झेलना पड़ा। महिलाएं घरेलू कामकाज को लेकर परेशान रहीं। बच्चों और बुजुर्गों को भी गर्मी के कारण दिक्कत हुई।
अचानक बिजली गुल होने से परेशान मढ़ीनाथ के सिठौरा निवासी अनीस अहमद, अशोक नगर निवासी राजकुमार समेत अन्य उपभोक्ताओं ने विद्युत निगम में शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन इसके घंटों बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
वर्जन
मढ़ीनाथ की 33 केवी लाइन से जुड़े ट्रांसफार्मर में फॉल्ट हुआ था। सूचना पर फौरन टीम फॉल्ट दुरुस्त करने के लिए जुट गई। सिविल लाइंस द्वितीय उपकेंद्र के फीडर के जंपर में खराबी आने के कारण सप्लाई प्रभावित रही। - राजवीर सिंह, अधिशासी अभियंता