संवाद न्यूज एजेंसी
बरेली। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का लाभ नहीं मिल पाने वाले जिले के 6,182 परिवारों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। शासन ने ऐसे पात्र लाभार्थियों को अब मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से लाभान्वित करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद जिले में इन परिवारों का सत्यापन शुरू कराया जाएगा। सत्यापन में पात्र पाए जाने वाले परिवारों को योजना के तहत आवास का लाभ दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के जीरो पाॅवर्टी के तहत आवास पाने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवारों ने आवेदन किया था। विभिन्न कारणों से पात्र होने के बावजूद 6,182 परिवार योजना के लाभ से वंचित रह गए। अब शासन ने इन परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना से जोड़ने का निर्णय लिया है।
संबंधित विभाग इन लाभार्थियों का सत्यापन कराएगा। इसमें यह देखा जाएगा कि परिवार मुख्यमंत्री आवास योजना के निर्धारित मानकों को पूरा करता है या नहीं। सत्यापन में पात्र पाए जाने के बाद लाभार्थियों को योजना में शामिल कर आवास निर्माण के लिए निर्धारित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।