अफसरों ने जताई जल्द अच्छी तादाद में वैक्सीन मिलने की उम्मीद
बरेली। कई दिनों से क्लस्टर में प्रस्तावित टीकाकरण अभियान वैक्सीन की आपूर्ति कम होने से स्थगित है। अब स्वास्थ्य विभाग के अफसरों का कहना है कि जल्द ही शासन से बड़ी मात्रा में वैक्सीन मिलने की उम्मीद है जिसके बाद क्लस्टर टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा। उधर, रविवार को टीकाकरण के लिए 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों द्वारा स्लॉट बुक करने का सिलसिला जारी रहा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि अब किसी भी वैक्सीन की पहली डोज लगवाने वालों को स्लॉट बुक करना जरूरी है। ऐसे में रविवार को सभी स्लॉट बुक हो चुके हैं। जिन्हें दूसरी डोज लगनी है उन्हें स्लॉट बुक करने की जरूरत नहीं है। अगर वह भी स्लॉट बुक कर लेते हैं तो यह और बेहतर होगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को गांधी नगर कैंप कार्यालय, सीबी गंज शिव मंदिर, फरीदापुर चौधरी विशाल डिग्री कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, आरटीओ ऑफिस और रवि प्लाजा सुभाषनगर में कार्य स्थल पर टीकाकरण अभियान के तहत वैक्सीन लगेगी। कुल 15 सौ लोग प्रतिरक्षित होंगे।
जिला अस्पताल, अग्रसेन पार्क समेत शहर और देहात के टीकाकरण केंद्रों पर 35 सत्र में 3400 लोगों को कोविशील्ड वैक्सीन लगेगी। जिला महिला अस्पताल, यूपीएचसी इज्जतनगर, सिविल लाइन, सीबी गंज, जाटवपुरा, जगतपुर, सुभाषनगर पर दो हजार लोगों को कोवाक्सिन लगाई जाएगी।