भुता। दवाओं के 10,000 रुपये न देने पर क्लीनिक संचालक की परमजीत को कीटनाशक दवा का इंजेक्शन लगाकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्यारोपी दवा विक्रेता सोमवीर और उसके साले आकाश मौर्य को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 315 बोर का तमंचा, सोने की अंगूठी और लॉकेट और बाइक बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूला है। उनको कोर्ट में पेश किया गया। वहां से जेल भेजा गया है। गांव रिछा के परमजीत का शव 22 फरवरी को फतेहगंज पश्चिमी में रेलवे ट्रैक के पास मिला था। पिता ने सोमवीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रिछा के परमजीत के पिता रामवीर सिंह के मुताबिक, परमजीत 21 फरवरी को अपने क्लीनिक से लापता हुए थे। 22 फरवरी को उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। उसी दिन दोपहर 2:00 बजे परमजीत का शव फतेहगंज पश्चिमी में रेलवे ट्रैक के पास मिला था। सूचना पर गई पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई। रामवीर ने शव को पहचान लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया, लेकिन मौत कारण स्पष्ट नहीं हो सका। पिता ने पुलिस को बताया कि दवा विक्रेता सोमवीर से परमजीत का रुपयों को लेकर विवाद था। जानकारी हुई कि वह ही परमजीत को क्लीनिक से बुलाकर साथ ले गया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की थी।
पुलिस ने शनिवार शाम भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव रहपुरा करीम बख्श निवासी सोमवीर और नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव बिजौरिया निवासी उसके साले आकाश दीप मौर्य को एसओजी टीम की मदद से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने परमजीत की हत्या करना स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के पास से परमजीत का सोने का लॉकेट व अंगूठी, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और दो बाइकें बरामद की है। 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस और कार भी बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से जेल भेजा गया है।
पट्टी कराने के बहाने परमजीत को लेकर गए, जहरीला इंजेक्शन देकर की हत्या
पुलिस की पूछताछ में आरोपी सोमवीर ने बताया कि 21 फरवरी को वह हेलमेट लगाकर बाइक से परमजीत के क्लीनिक पर गया था। सोमवीर ने कहा, किसी व्यक्ति की पट्टी कराने के बहाने परमजीत को साथ ले गया। गांव लक्ष्मीपुर केसरपुर होते हुए अपने घर ले गया। घर पर सोमवीर का भाई अजयवीर और साला आकाश दीप पहले से मौजूद थे। उन लोगों ने परमजीत को दी गईं दवाओं के 10,000 रुपये मांगे। इसपर परमजीत ने दवाओं को नकली बताकर रुपये नहीं दिए। साथ ही उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की धमकी दी, जिसके बाद परमजीत से कहासुनी हो गई थी। नाराज होकर तीनों आरोपियों ने परमजीत को पकड़कर उसके हाथ की नस में जानवरों की किलनी मार दवा का इंजेक्शन लगा दिया। परमजीत की तड़पकर मौत हो गई। इसके बाद तीनों ने कार से परमजीत के शव को फतेहगंज पश्चिमी में फाटक के पास फेंक दिया।
वर्जन,
आरोपी सोमवीर आयुर्वेदिक दवा की फैक्टरी चलाता है। आरोपियों ने रुपयों के लेनदेन के विवाद में परमजीत की हत्या की। उनके पास से परमजीत का सामान और असलाह बरामद किया गया है। तीसरे आरोपी अजयवीर की तलाश की जा रही है। - अंशिका वर्मा, एसपी दक्षिणी