बरेली। कागजों पर चकाचक चल रही चक महमूद की सफाई व्यवस्था का शुक्रवार को नगर आयुक्त ने जायजा लिया तो इसकी पोल खुल गई। ऐसे में उन्होंने सफाई नायक राजीव कुमार को निलंबित कर दिया। नगर आयुक्त ने कई अन्य वार्डों में पैदल घूमकर हकीकत परखी। कमियां मिलने पर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को फटकार लगाई है।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य चक महमूद की गलियों में पहुंचे तो वहां की सड़कों के किनारे घास उगी मिली। सफाई व्यवस्था भी बेदम मिली। कई जगह अत्यधिक गंदगी पाई गई। बीट में तैनात कर्मचारी भी मौके पर उपस्थित नहीं मिले। इस पर नगर आयुक्त ने क्षेत्रीय सफाई नायक राजीव कुमार को लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल निलंबित कर दिया। मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई। शहर की मुख्य सड़कों से लेकर गलियों तक बेहतर साफ-सफाई के निर्देश दिए। संवाद