कोराना संक्रमित मिलने के बाद होटल को सील करते पुलिस वाले और अन्य।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
संक्रमित फौजी कहीं ठहरा तो कहीं खाया खाया, होटल का स्टाफ भी क्वारंटीन
बरेली। कोरोना पॉजिटिव पाया गया कैंट का सैन्यकर्मी जंक्शन के आसपास होटलों में ठहरा तो होटल बदल बदलकर खाना खाया। स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ पुलिस ने एक होटल को सील कर बाकी को एहतियात के तौर पर बंद करा दिया।
सैन्यकर्मी जब छुट्टी से लौटा तो ड्यूटी ज्वाइन करने से पहले उसे टेस्ट कराने और रिपोर्ट आने तक बाहर रहने को कहा गया। तब वह जंक्शन के पास सुभाष नगर थाना क्षेत्र के क्लासिक होटल में आठ से दस जून तक ठहरा। उसने इस दौरान पिंडी होटल से खाना पैक कराया और लक्ष्मी व सत्यनारायण होटल में बैठकर खाना खाया। स्वास्थ्य विभाग ने उससे बात करने के बाद पुलिस को संबंधित स्थानों के बारे में रिपोर्ट दी। देर रात सुभाष नगर थाना प्रभारी हरिश्चंद्र जोशी ने टीम के साथ जाकर क्लासिक होटल को सील कर दिया। उसके सारे स्टाफ को अस्पताल तो किसी को होम क्वारंटीन कर दिया गया। इनके सैंपल लिए जा रहे हैं। होटल के आसपास भी बल्लियां लगा दी गईं। इसे हॉटस्पॉट घोषित करने पर अधिकारी विचार कर रहे हैं।
वहीं, स्टेशन चौकी प्रभारी सिद्धांत शर्मा ने अपने क्षेत्र के लक्ष्मी व नारायण होटल को फिलहाल नए निर्देश तक बंद करा दिया है। पिंडी होटल से खाना पैक कराया गया था, इसलिए उसे एकाध दिन के लिए बंद रखने को कहा गया है जब तक दूसरे लोगों की रिपोर्ट नहीं आ जाती।
इसी होटल में की आत्महत्या
लखनऊ निवासी एक कंपनी के कर्मचारी ने कुछ दिन पहले ही क्लासिक होटल में फंदे पर लटककर आत्महत्या की थी। वह बरेली किसी काम से आया था और लॉकडाउन में फंस गया। कई दिन अकेले गुजारने के बाद उसने आत्महत्या का रास्ता चुन लिया। अब इसी होटल को कोरोना की वजह से सील किया गया है। होटल मालिक को स्वास्थ्य टीम अपने साथ ले गई।