बरेली। कोतवाली के मोहल्ला सिकलापुर में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत हो जाने की खबर ने खलबली मचा दी। मौके पर सैकड़ों की भीड़ जुट गई। दोनों के शवों का बिना पोस्टमार्टम के ही अंतिम संस्कार दिया है। पुलिस के आला अफसरों के आदेश पर पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की, लेकिन कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। हालांकि परिवार वाले इस बात से इनकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि बीमारी से दोनों लोगों की मौत हुई है।
मोहल्ला सिकलापुर 35 वर्षीय पल्लेदार टिंकू के भाई कमल ने बताया कि उसका भाई शराब पीने का आदी था। देर रात को वह शराब पीने के बाद घर पहुंचा था। घर पहुंचने के थोड़ी देर बाद ही टिंकू की हालत बिगड़ गई। इससे परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। परिवार के लोग उसे रिक्शा से जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे। रास्ते में ही उसे सांसें थम गईं। टिंकू के मिलने वालों ने उसे पड़ोस के ही 37 वर्षीय अनिल कुमार उर्फ छुट्टन के साथ देखा था। वह अक्सर साथ बैठकर शराब पी लेते थे। जानकारी मिलने पर परिवार वाले रात को ही उसके घर पहुंचे तो पता लगा कि उसकी मौत हो चुकी है। पता चला कि वह भी शाम को शराब के नशे में था। मोहल्ले में शराब से टिंकू और अनिल की शराब पीने से मौत होने की खबर फैलने से हड़कंप मच गया। मंगलवार की सुबह व्हाट्स एप के ग्रुपों पर सिकलापुर में शराब से दो लोगों की मौत होने की सूचना चलने लगी। इस पर मीडिया कर्मी मृतकों के घरों पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतकों के घरों पर जाकर छानबीन की, लेकिन परिवार वाले टिंकू और अनिल कुमार की शराब से मौत होने की बात से इनकार करते रहे। अनिल के परिवार वालों ने बताया कि उसे काफी समय से टीबी की बीमारी थी। सीओ सिटी मुकुल द्विवेदी ने बताया कि टिंकू और अनिल की स्वाभाविक मौत बताई जा रही है। हमने पुलिस की टीम को जांच के लिए भेजा था। दोनों के परिवार वाले पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं हुए।