हरियाणा से आई क्रेन, पटरियों के ऊपर गार्डर रखना शुरू
विज्ञापन
सीडीओ ने कहा- तीन महीने में पूरे हो जाएंगे सभी काम
बरेली। हरियाणा से क्रेन आने के बाद आईवीआरआई ओवरब्रिज पर गार्डर रखने का काम शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने दावा किया है कि पुल पर बाकी सभी काम तीन महीने के अंदर पूरे कर लिए जाएंगे और उस पर अक्तूबर में ट्रैफिक शुरू हो जाएगा।
आईवीआरआई ओवरब्रिज का निर्माण जून 2017 में शुरू हुआ था। पटरियों के ऊपर पुल का निर्माण रेलवे को करना था और बाकी ढांचा सेतु निगम को बनाना था। सेतु निगम ने अपने हिस्से का काम एक साल में ही निपटा दिया लेकिन रेलवे अधिकारियों ने लंबे समय तक काम लटकाए रखा। साल की शुरुआत में रेलवे ट्रैक के ऊपर गार्डर रखने का काम शुरू हुआ लेकिन उसे फिर अधूरा छोड़ दिया गया। लॉकडाउन शुरू होने के बाद लेबर न मिलने की वजह से काम पूरी तरह ठप हो गया।
अब तीन महीने बाद हरियाणा से क्रेन मंगाकर ओवरब्रिज पर फिर गार्डर रखने का काम शुरू किया गया है। सीडीओ चंद्रमोहन गर्ग ने बताया कि रेलवे अफसरों ने तीन महीने के अंदर पुल पर अपने हिस्से का काम पूरा करने को कहा है। लिहाजा पुल पर अब हर हाल में अक्तूबर तक ट्रैफिक शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि रेलवे अफसरों को आगाह कर दिया गया है कि अब कोई बहानेबाजी नहीं चलेगी। काम में देरी हुई तो जवाबदेही तय की जाएगी। उन्हें जल्द ही गार्डर रखने का काम करने को भी कहा गया है ताकि यह काम खत्म होते ही सेतु निगम पुल पर डामर का काम शुरू करा सके।