बरेली। बीसलपुर रोड पर हरूनगला के पास एप्रोच रोड का निर्माण तो पूरा हो नहीं पाया, इससे पहले ही नकटिया नदी पर बने टू-लेन के नए पुल पर ट्रैफिक निकलने की छूट दे दी गई है। मौके पर हालत यह है कि न अब तक रोड साइड की मिट्टी का पटान हुआ है न सड़क पर तारकोल की लेयर बिछाई गई है। इससे यहां गाड़ियों के पलट जाने का भी खतरा है। सेतु निगम के अफसर यह कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं कि जाम की वजह से लोग नए पुल से खुद ही गुजरने लगे हैं। हालांकि एप्रोच रोड का काम अभी बाकी है।
नकटिया नदी पर पुराने पुल के पास ही टू-लेन के दो पुलों के निर्माण होने है। एक पुल का काम पूरा हो जाने से उस ट्रैफिक निकलना भी शुरू हो गया है। जबकि नए पुल की एप्रोच रोड अभी अधूरी है। पुल के दोनों साइड में इस रोड को बनाने के लिए अभी केवल मिट्टी और बजरी डाली गई है। रोड के किनारे फुटपाथ के लिए डाली गई मिट्टी का पटान भी सही से नहीं हुआ है। इससे वाहनों के पलटने का खतरा बना हुआ है। एप्रोच रोड को अभी कोलतार की लेयर बिछाकर पक्का भी किया जाना है। दिक्कत यह है कि कई माह से चल रहे पुल के निर्माण से लंबा जाम लग रहा है। पुराने पुल की चौड़ाई काफी कम है। इससे आवागमन की दिक्कत झेल रहे लोगों ने अधूरी एप्रोच रोड से निकलना शुरू कर दिया है। सेतु निगम के डीपीएम वीके सेन का कहना है कि सर्विस लेन का काम अभी चल रहा है। इसे जल्द पूरा करा लिया जाएगा।