नवाबगंज। दीपावली पर रक्षा संपदा की जमीन पर बिना इजाजत पटाखा बाजार लगाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए कस्बे में भारी मात्रा में आतिशबाजी पहुंच गई है। पटाखा बाजार लगाने में मानकों की अनदेखी के साथ ही आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
नवाबगंज में पनघैली नदी के किनारे रक्षा संपदा की भूमि है। इस पर कस्बे के दुकानदार दीपावली पर पटाखा की दुकानें लगाते हैं। बाजार लगाने के लिए प्रशासन के साथ-साथ रक्षा संपदा विभाग से भी अनुुमति लेनी पड़ती है, लेकिन इस बार बिना अनुमति बाजार लगाया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक यहां भारी मात्रा में बारूद भी पहुंच गया है, इसे शुक्रवार से बेचना शुरू कर दिया जाएगा।
ये हैं अनुमति लेने के नियम
तहसील स्तर पर दुकानदार को जिला मुख्यालय से एक फॉर्म लेकर आवेदन करना होता है। इस पर जिला प्रशासन की अनुमति पर बैंक में निर्धारित फीस जमा कर तहसील, कोतवाली और फायर स्टेशन से अनुमति लेनी अनिवार्य होती है। इससे पहले दुकानदारों को रक्षा संपदा से भी अनुमति लेनी पड़ती है, लेकिन अभी तक प्रशासन ने बाजार लगाने के लिए कोई अनुमति नहीं दी है।
आतिशबाजी की दुकानें लगाने के ये हैं मानक
पटाखा की दुकानों के बीच कम से कम दस मीटर की दूरी होनी चाहिए। दुकान में कपड़ा या लकड़ी का प्रयोग न हो। रेत और पानी से भरी बाल्टियों के साथ टीन के शेड में दुकान लगाई जाए। दुकानों से वाहनों की पार्किंग कम से कम 50 मीटर दूर हो। दुकानों के ऊपर से बिजली की लाइन न जाती हो। साथ ही तेज आवाज वाले और बडे़ पटाखे न रखे जाए।
जिला प्रशासन को अनुमति की प्रक्रिया के लिए पत्र भेजा गया है। जिला प्रशासन से पत्र आते ही दुकानदारों को अनुमति प्रदान की जाएगी। अभी तक किसी भी दुकानदार को अनुमति नहीं दी गई है। - कुमार धर्मेंद्र, एसडीएम नवाबगंज
दुकानदार आवेदन लेकर मेरे पास आए है, लेकिन दुकानों को मानक के अनुसार ही लगाने के निर्देश दिए गए। दुकानदारों ने एक दिन का समय मांगा है। दुकानों का निरीक्षण करने के बाद ही अनुमति दी जाएगी। - राजपाल तोमर, फायर स्टेशन प्रभारी
फोटो 3 रक्षा सम्पदा की भूमि पर लगने लगी पटाखा की दुकाने