बरेली। शासन के आदेश पर डीएम ने बहेड़ी में तैनात रजिस्ट्रार कानूनगो की संपत्ति सहित अन्य शिकायतों की जांच शुरू कर दी है। शासन में शिकायत पहुंची थी कि रजिस्ट्रार कानूनगो ने सौ बीघा जमीन खरीदने के साथ कई आलीशान भी बनवा लिए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि शासन में पूर्व में इस मामले की जांच आई थी, लेकिन इसमें लीपापोती हो जाते से कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
रजिस्ट्रार कानूनगो नन्हेंलाल को लेकर शासन में शिकायत हुई थी कि उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चों के नाम बहेड़ी तहसील के कई गांव में करीब सौ बीघा जमीन खरीद ली है। इतना ही नहीं बहेड़ी कई कालोनी में उनके मकान और प्लाट भी हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस मामले में आय से अधिक संपत्ति की जांच कराने के लिए उसने पहले भी एक दरख्वास्त शासन को दी थी। मुख्य सचिव ने इसका संज्ञान लेने के बाद इस प्रकरण की जांच भी कराई गई थी। आरोप है कि जांच के नाम पर भी हेराफेरी हो गई। इससे इस मामले में कोई कार्रवाई भी नहीं हुई है। यह मामला फिर से शासन में पहुंचने के बाद डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह इसकी जांच के आदेश एडीएम प्रशासन वीके सिंह को दे दिए हैं।