बरेली। आईवीआरआई ओवरब्रिज पर महीनों से टूटी पड़ी सर्विस लेन का निर्माण शुरू हो गया है। शनिवार को यहां हॉटमिक्स की लेयर बिछाई गई। काफी समय से टूटी पड़ी यह रोड ठीक न होने से आए दिन हादसे हो रहे थे। पिछले महीने प्रमुख सचिव नवनीत सहगल ने इस सर्विस लेन की हालत देखकर नाराजगी जताई थी जिसके बाद सेतु निगम ने यहां काम शुरू करा दिया। हालांकि आईवीआरआई की तरफ कुछ दिन पहले बनवाए गए पैच उधड़ने शुरू हो गए हैं।
इस ओवरब्रिज की सर्विस लेन बारिश से सीजन मेें ही उधड़ गई थी। नैनीताल रोड पर करीब सौ मीटर हिस्से का कोलतार ही गायब हो गया था। गड्ढे और उधड़ी बजरी की वजह से यहां आए दिन हादसे हो रहे थे। 20 नवंबर को निरीक्षण करने आए नोडल अधिकारी नवनीत सहगल ने सर्विस लेन की हालत देखकर सेतु निगम के अधिकारियों की क्लास ले ली। शनिवार को सेतु निगम ने हॉटमिक्स रोड बनवानी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दो से तीन दिन में पूरा सर्विस रोड ठीक करा दिया जाएगा। हालांकि पिछले दिनों आईवीआरआई की तरफ सर्विस रोड के गड्ढों को भरने के लिए पैच वर्क कराया गया था लेकिन वह ठीक से न बनाए जाने से अभी से ही उधड़ने शुरू हो गए हैं।