फतेहगंज पूर्वी। ट्रेनों को गुजारने के लिए हुलासनगरा क्रॉसिंग पर बार-बार फाटक बंद किए जाने से मंगलवार दोपहर बाद भीषण जाम लग गया। जाम इस कदर रहा कि करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों के पहिये थमे रहे। देर रात तक लोग परेशानी झेल रहे थे। इस दौरान पुलिस के भी सारे उपाय विफल रहे।
मंगलवार दोपहर ढाई बजे के करीब हुलासनगरा क्रॉसिंग का फाटक बंद कर दिया गया। तीन बजे तक फाटक नहीं खुला तो धीरे-धीरे दोनों ओर गाड़ियों की लाइन लगनी शुरू हो गई। कई घंटे फाटक नहीं खुला तो जाम और विकराल हो गया। शाम छह बजे फाटक खोला गया तो हुलासनगरा क्रॉसिंग पर आगे निकलने की होड़ में वाहन आडे़ तिरछे खड़े गए, जिससे जाम की स्थिति और विकराल हो गई। इसी बीच सात बजे फिर क्रॉसिंग फिर बंद हो गया। इससे जाम बढ़ता गया। क्रॉसिंग खुलने और बंद होने का सिलसिला ऐसे ही चलता रहा। इससे देर रात तक लोग परेशानी झेलते रहे।