श्रम विभाग प्रदेश भर में असंगठित क्षेत्रों के मजदूरों की बेटियों की शादियां कराएगा। योजना के मुताबिक श्रमिकों को सिर्फ रिश्ता खुद तय करना है। बरातियों की आवभगत, दावत आदि का इंतजाम श्रम विभाग करेगा। लाभार्थी परिवारों को चिह्नित कर पंजीकरण शुरू हो गया है। ज्यादा परिवारों को इसका लाभ देने के लिए ग्राम प्रधान और सामाजिक संगठनों से भी मदद मांगी जा रही है।
उप श्रमायुक्त अनुपमा गौतम ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि मंडल स्तर पर निर्माण कार्य में लगे पंजीकृत श्रमिकों की बेटियों का सामूहिक विवाह कराएगा जाएगा। विवाह में होने वाला कोई भी खर्च लाभार्थी परिवार को नहीं देना है। चयनित परिवार को शादी के लिए 75 हजार रुपये भी दिए जाएंगे।
इसमेें से दस हजार रुपये एक सप्ताह पहले वर-वधू की पोशाक के लिए दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि लाभार्थी श्रमिक अगर अपने घर पर शादी कार्यक्रम करेगा तो उसे 55 हजार रुपये ही मिलेंगे। बताया कि वर-वधू की आयु क्रमश: 21 और 18 वर्ष होना अनिवार्य है।
योजना का लाभ पाने के लिए पंजीकृत सदस्य आवेदन कर सकते हैं। मंडल स्तरीय वैवाहिक कार्यक्रम बरेली में ही करने की योजना है। अगर किसी जिले मेें पांच सौ लाभार्थी मिल जाते हैं तब कार्यक्रम संबंधित जिले में कराया जाएगा। बरेली में संजय कम्युनिटी हाल में प्रस्तावित है। कार्यक्रम मुख्य अतिथि श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य होंगे। उन्होंने बताया कि विभाग ने मंडलीय वैवाहिक कार्यक्रम की तारीख तीन फरवरी तय कर दी है।