फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसडीएम सदर हटे, पेशकार से मांगा जवाब

विज्ञापन
विज्ञापन

करोड़ों की जमीनों के मुकदमों की फाइलें गायब होने के मामले में डीएम सख्त, तहसीलदार पर भी जांच की आंच

बरेली। तहसीलदार सदर के न्यायालय से करोड़ों की जमीनों के मुकदमों की फाइलें गायब होने की घटना के बाद गरमाए माहौल में शनिवार को एसडीएम सदर अमरेश कुमार का तबादला कर दिया गया। उन्हें मीरगंज में न्यायिक मजिस्ट्रेट के अपेक्षाकृत महत्वहीन पद पर तैनाती दी गई है। डीएम ने तहसीलदार के पेशकार के खिलाफ भी विभागीय जांच शुरू कराकर स्पष्टीकरण मांगा है। तहसीलदार सदर की भी भूमिका की जांच शुरू हो गई। जल्द उनकी जवाबदेही भी सुनिश्चित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
विज्ञापन

तहसीलदार सदर आशुतोष गुप्ता के न्यायालय में 14 से 21 अक्तूबर के बीच लगी विभिन्न मुकदमों की तारीखों पर सुनवाई के लिए फाइलें तलाशी गईं तो सात फाइलें गायब मिली थीं। ये सभी फाइलें करोड़ों की जमीनों के मुकदमों की थीं। पेशकार विक्रम सिंह का कहना था कि काफी तलाशने के बाद भी तहसील के किसी कार्यालय में ये फाइलें नहीं मिलीं। 10-12 दिन गुजरने के बाद दो नवंबर को तहसीलदार सदर ने इस संबंध में अपनी रिपोर्ट डीएम को भेजी। तत्कालीन डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने मामला जानकारी में आने के बाद एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया तो नाटकीय ढंग से तीन नवंबर को छह फाइलें तहसील से करीब पांच किमी दूर करगैना पुलिस चौकी के सामने एक कबाड़ी की दुकान से मिल गईं।
बताया गया कि किसी वकील ने तहसील स्टाफ को सूचना दी थी कि फाइलें कबाड़ी की दुकान पर हैं। इसके बाद स्टाफ वहां पहुंचा था। हालांकि इसके बाद अफसरों से मामला छिपा लिया गया। ग्राम सभा सफरी बनाम उस्माल अली रजा खान के मुकदमे की फाइल न मिल पाने के बावजूद डीएम के आदेश के मुताबिक एफआईआर तक नहीं दर्ज कराई गई, न नए डीएम नितीश कुमार को इस प्रकरण की जानकारी दी गई। अमर उजाला में इस मामले का खुलासा होने के बाद बुधवार को तहसीलदार ने डीएम को चिट्ठी लिखकर इस मामले की न्यायिक जांच कराने की अनुमति मांगी थी। इसके बाद डीएम नितीश कुमार ने एडीएम (प्रशासन) वीके सिंह को पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। मामले की जांच शुरू होने के साथ अब एसडीएम सदर अमरेश कुमार को हटाकर एसडीएम न्यायिक के महत्वहीन पद पर मीरगंज भेज दिया गया है। उनकी जगह मीरगंज में तैनात एसडीएम आईएएस ईशान प्रताप सिंह को सदर में तैनाती दी गई है। पेशकार विक्रम सिंह से पटल का चार्ज पहले ही छीन लिया गया था। उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कराकर जवाब भी मांगा गया है। सूत्रों के मुताबिक तहसीलदार की भी भूमिका की जांच की जा रही है। उनकी जवाबदेही इस मामले में सुनिश्चित की जा सकती है।
विज्ञापन


कई और एसडीएम इधर से उधर
डीएम ने सहायक कलेक्टर आईएएस सुधीर कुमार को एसडीएम बहेड़ी, एसडीएम बहेड़ी ममता मालवीय को अपर नगर मजिस्ट्रेट चतुर्थ, अपर नगर मजिस्ट्रेट चतुर्थ राजेश चंद्र को एसडीएम मीरगंज का चार्ज सौंपा है।

तहसील में फाइलों के गायब होने के मामले में पेशकार के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कराकर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। एडीएम प्रशासन से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - नितीश कुमार, जिलाधिकारी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें