बरेली। नवागत डीएम नितीश कुमार से अफसर पुरानी पत्रावलियां छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। पुरानी पत्रावलियां दिखाने के बजाय उनके सामने हर बार नए अभिलेख प्रस्तुत किए जा रहे हैं। इसकी वजह से पुराने मामलों में क्या कार्रवाई हुई थी, यह पता ही नहीं चल पा रहा है। डीएम नितीश कुमार ने इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को नोटिस भेजा है। सूत्रों के मुताबिक हाल ही में ऐसे कई मामले सामने आए हैं जिनमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने डीएम कार्यालय में जो फाइलें प्रस्तुत कीं, उनमें हर बार नई फाइल होती निकली। ऐसे में किस मामले में पहले क्या आदेश हुए थे और उस पर संबंधित विभाग ने क्या कार्रवाई की है, इसका पता ही नहीं चल पा रहा है। लगातार यह सिलसिला चलने के बाद डीएम ने इसे महसूस कर लिया। डीएम का कहना है कि बहुत ही आपत्तिजनक है। उन्होंने अफसरों को ऐसा न करने की सख्त हिदायत दी है।