बरेली। आईवीआरआई फ्लाईओवर का शिलान्यास हुए साढ़े तीन साल दिन हो गए हैं लेकिन निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका है। सर्विस लेन पर हर समय धूल के गुबार उड़ने से रेल कर्मचारी बीमार हो रहे हैं। एनई रेलवे मजदूर यूनियन (नरमू) ने फ्लाईओवर का निर्माण पूरा न होने तक सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है। नरमू के केंद्रीय अध्यक्ष बसंत चतुर्वेदी ने कहा कि धूल के गुबार उड़ने से आए दिन हादसे भी हो रहे हैं। धूल से वर्कशॉप, डीआरएम ऑफिस और रेलवे कॉलोनियों में रहने वाले कर्मचारियों को बीमारियों ने घेर लिया है। मंडल अध्यक्ष मुकेश सक्सेना ने कहा कि नैनीताल जाने के लिए वीआईपी भी इसी रोड से गुजरते हैं। उन्होंने सर्विस लेन पर सुबह-शाम पानी का छिड़काव कराने की मांग प्रशासन से की है।