बरेली। शासन के कड़े फरमान के बावजूद अफसर किसानों को पराली जलाने से नहीं रोक पाए। रिमोट सेंसिंग से जब मामले सामने आए तो अफसरों की टीमें खेतों में दौड़ीं। छह तहसीलों में 39 मामले पकडे़ गए जिसमें 29 बहेड़ी के हैं। सभी किसानों पर एक लाख का जुर्माना लगाया गया है। अफसरों को निर्देश दिए गए हैं कि तहसीलों में जाकर निरीक्षण करें।
रिमोट सेंसिंग के जरिये जब देखा गया तो बरेली में कई जगह पराली जलाने के मामले सामने आए। इसके बाद सीडीओ ने अधिकारियों की टीमों को निरीक्षण के लिए अगल-अलग तहसीलों में भेजा। बहेड़ी में 29, मीरगंज में तीन, सदर में पांच, आंवला और नवाबगंज में एक-एक मामला पकड़ा गया। इन किसानों को नोटिस जारी करने के साथ एक-एक लाख का जुर्माना लगाया गया है। सीडीओ सत्येंद्र कुमार ने बताया कि तहसीलों में टीमें भेजकर निरीक्षण कराया गया जिसमें 39 मामले पकड़े गए हैं। इन किसानों पर एक लाख का जुर्माना लगाया है। किसान पराली न जलाएं अगर जलाते पकड़े गए तो जुर्माना लगाया जाएगा।