बरेली। दिवाली पर सुभाषनगर के रेलवे ग्राउंड पर अस्थायी पटाखा बाजार इस बार नहीं लगेगा। सीएफओ और एसपी सिटी की रिपोर्ट के बाद प्रशासन ने इसकी अनुमति न देने का फैसला लिया है। इसके बाद पटाखा कारोबारियों ने प्रशासन के अफसरों के चक्कर काटने शुरू कर दिए हैं। हालांकि प्रशासन ने अभी बाकी 11 जगह पर भी पुराने अस्थायी पटाखा बाजारों को भी अनुमति नहीं दी है।
पिछले साल अमृतसर में रेल ट्रैक के पास लगे दशहरा मेले में ट्रेन से कटकर कई लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद पिछले साल सुभाषनगर रेलवे ग्राउंड में पटाखा बाजार को अनुमति न देने का फैसला लिया गया था लेकिन ऐन मौके पर अफसरों ने आंखों पर पट्टी बांधकर अनुमति दे दी। इस साल भी सीएफओ ने सिटी मजिस्ट्रेट को को रिपोर्ट भेजी थी कि सुभाषनगर में जिस जगह पटाखा बाजार लगता है, वहां संकरी रोड पर फायर ब्रिगेड के छोटे वाहन ही निकल सकते हैं। पटाखा बाजार से रेलवे लाइन 50 मीटर की दूरी पर है। एसपी सिटी ने भी यहां पटाखा बाजार को उचित नहीं बताया।
सुभाषनगर में रेलवे ग्राउंड पर अस्थायी पटाखा बाजार को अनुमति नहीं दी जा सकती। सीएफओ और एसपी सिटी की रिपोर्ट पर यह फैसला लिया गया है। दूसरे पटाखा बाजारों की अनुमति के लिए फाइल डीएम के पास भेज दी है। - मदन कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट