बरेली। अक्तूबर में दिवाली सहित कई बड़े पर्व हैं। इस माह के 19 दिनों में सात दिन बैंक बंद रहेंगे। 26 से 29 अक्तूबर तक बैंक चार दिन लगातार बंद रहेंगे। इससे त्योहारों के समय लोगों को करेंसी का संकट झेलना पड़ सकता है। इससे एटीएम पर भी असर पड़ने की संभावना है। त्योहारों पर खरीदारी की योजना बना रहे लोग बैंकों के इतने दिनों तक बंद रहने से हलकान हैं। कारोबारी भी इसका बिक्री पर असर पड़ने की संभावना जता रहे हैं।
अक्तूबर में 12 को दूसरा शनिवार, 13 को रविवार, 20 को रविवार, 26 को चौथा शनिवार, 27 को रविवार-दिवाली, 28 को गोवर्धन पूजा और 29 को भाई दूज व चित्रगुप्त पूजा है। इन दिनों में सभी सरकारी दफ्तर और बैंक बंद रहेंगे। दिवाली के मौके पर बैंकों के चार दिन तक लगातार बंद रहने से अधिकांश एटीएम के खाली होने की संभावना है। बताते हैं कि एटीएम में अगर कैश फुल भी कर दिया जाए तो भी अमूमन दो से दिन तक ही एटीएम डिमांड पूरी कर पाते हैं, जबकि त्योहार के सीजन में बैंक बंद रहने के दौरान कैश निकासी पूरी तरह एटीएम पर ही निर्भर रहेगी। ऐसे में नकदी का संकट पैदा होने की पूरी संभावना है।