बदायूं/ कादरचौक। चार दिन पहले कादरचौक गोशाला से 14 गोवंशीय पशु लापता हो गए थे। आनन फानन में प्रधान सरला गुप्ता की ओर से पुलिस को पशु चोरी की तहरीर दी गई। लेकिन एसडीएम स्तर से जांच होने की बात की जानकारी होने पर पशुओं के दूसरी गोशाला ले जाने के दौरान भटककर लापता होने की बात कही गई। गुरुवार को प्रधान ने बताया कि सभी लापता गोवंश वन में मिल गए है। इधर, एसडीएम ने प्रधान को कड़ी चेतावनी दी है कि यदि आगे से ऐसा कोई भी मामला हुआ तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कादरचौक में चार दिन पहले एक साथ 17 गोवंश लापता हो गए थे, जिसके संबंध में कई बार बयान बदले गए। एसडीएम पारसनाथ मौर्य जब जांच को पहुंचे और उन्होंने चौकीदारों से पूछताछ की, तो मामला सामने आया कि गोवंश चोरी नहीं हुए हैं। उन्होंने गोवंश को तलाशने के निर्देश दिए। एसडीएम के निर्देश पर गोवंश की तलाश की तो वे ककोड़ा के वन में मिल गए। प्रधान पति अश्वनी गुप्ता ने बताया कि सभी गोवंश टैग लगे हुए हैं जो एक जगह बैठे हुए थे। उन्हें तलाश लिया गया है।
पूछताछ के दौरान ही साफ हो गया था कि गोवंश कोई नहीं ले गया। उन्हें गोवंश तलाशने के कड़े निर्देश दिए थे। पता चला है कि गोवंश मिल गए हैं, यह अच्छी बात है। प्रधान को कड़ी चेतावनी दी है कि यदि इस तरह गोवंश चोरी होने की झूठी अफवाह फैलाई, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-पारस नाथ मौर्य, एसडीएम सदर