बरेली। चौपुला पर सेतु निगम के निर्माण कार्य की वजह से किए गए डायवर्जन का सीधा असर बुधवार को देखने में आया। चौपुला चौराहे से जुड़े अयूब खां और किला रोड पर दिन भर जाम के हालात बने रहे। ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड ने मशक्कत की पर खास नतीजा न निकाल सके।
ओवरब्रिज निर्माण की वजह से अक्सर चौकी चौराहा रोड की एक सर्विस लेन बंद की जा रही है। बुधवार को भी चौपुला से मिशन साइड होकर चौकी चौराहा जाने वाली सर्विस रोड को बंद करके टीम ने काम किया। इससे एसपी ट्रैफिक दफ्तर की साइड से ही छोटे वाहन निकल पा रहे थे। बस जैसे बड़े वाहनों को आने जाने के लिए अयूब खां चौराहा रोड ही इस्तेमाल करना पड़ रहा था। दोपहर में वाहनों की संख्या अप्रत्याशित रूप से बढ़ी तो किला से चौपुला और चौपुला से अयूब खां चौराहा रोड पर भयंकर जाम लगा। दोपहर बाद कई वाहन फंसे तो लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। कई स्कूल वैन भी जाम में फंस गईं। इनमें बैठे बच्चे परेशान हो रहे थे। वाहन रेंग रेंगकर आगे बढ़ रहे थे। अव्यवस्था को देखते हुए यातायात पुलिस ने अतिरिक्त स्टाफ भी लगाया पर जाम की समस्या शाम तक बनी रही। कभी रोड खुलता था तो थोड़ी ही देर में जाम फिर से लग जाता था। एसपी ट्रैफिक से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वे अवकाश पर हैं। स्टाफ से इस बारे में बात करेंगे। जाम की समस्या नहीं रहने दी जाएगी।