फतेहगंज पूर्वी। नेशनल हाईवे-24 पर हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग के पास बुधवार शाम चार बजे ट्रक का गुल्ला खराब हो जाने से जाम लग गया। कुछ ही देर में सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार भी लग गई। बरेली की ओर जा रहे नेता प्रतिपक्ष पूर्व मंत्री रामगोविंद चौधरी भी करीब आधा घंटे तक जाम में फंसे रहे। बाद में पुलिस ने उन्हें दूसरे रास्ते से निकाला।
बुधवार शाम करीब चार बजे क्रासिंग के पास एक ट्रक का गुल्ला टूट गया। इससे रोड जाम हो गया। कुछ ही देर में सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। थोडी-थोडी देर बाद ट्रेनों को पास कराने के लिए क्रासिंग बंद किए जाने से हालात और खराब हो गए। कारों और दो पहिया वाहनों के निकलने की आपाधापी से पुलिस के जाम खुलवाने के प्रयास भी धरे रह गए। इसी दौरान दलबल के साथ पूर्वमंत्री रामगोविंद चौधरी भी शाहजहांपुर से बरेली जाने के लिए पहुंचे तो वह भी जाम में फंस गए। उन्हें जाम से निकालने के लिए साथ चल रही पुलिस को आधे घंटे तक जूझना पड़ा। उनके काफिले को कच्चे रास्ते से निकाला गया। शाम सात बजे के करीब पुलिस ने ट्रक को तो हटवा दिया, लेकिन जाम फिर भी नहीं खुल सका। रात करीब 11 बजे पुलिस ने मशक्कत कर जाम खुलवाया, लेकिन इसके बाद भी यातायात रफ्तार नहीं पकड़ सका। वाहनों को रेंगकर ही गुजरना पड़ा।