बरेली। सरकार हर साल पौधरोपण और हरियाली बढ़ाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च करती है। इस दौरान लगाए पौधे कई साल में पेड़ बनते हैं लेकिन फिर भी अपने फायदे के लिए तमाम लोग हरियाली के दुश्मन बने हुए हैं।र ाजेंद्रनगर में केके हॉस्पिटल रोड पर कारोबारी ने अपने शोरूम की चमक दिखाने के लिए बिजली कर्मियों से सांठगांठ कर हरे-भरे पेड़ की कई शाखाओं को शहीद करा दिया। मामला संज्ञान में आने पर बिजली विभाग के अधिकारियों ने ठेकेदार पर कार्रवाई की बात कही है।
बरसात का मौसम खत्म होने जा रहा है। अब बिजली विभाग ने बिजली लाइनों को छू रही पेड़ की शाखाओं की छंटाई शुरू कराई है ताकि बिजली लाइन में ट्रिपिंग न हो। पूरे शहर में यह काम तेजी से चल रहा है। मगर डीडीपुरम में केके अस्पताल रोड पर एक शोरूम संचालक ने इसका नाजायज फायदा उठाया। उसकी शोरूम के सामने पाकड़ का एक पेड़ खड़ा था, जिसकी वजह से शोरूम की आड़ हो जाती थी और वह दूर से नजर नहीं आता था। इस पर शोरूम संचालक ने शाखाओं की छंटाई कर रहे ठेकेदार से सांठगांठ कर पाकड़ के इस पेड़ की कई मोटी-मोटी शाखाएं काट दीं। इसके बाद यह शाखाएं सड़क किनारे ही डाल दी गईं, जिसके चलते काफी देर तक यातायात बाधित रहा।
हरियाली बचाने को सरकार और सभी विभाग प्रयासरत हैं। ठेकेदार पर हरियाली खराब करने को लेकर कार्रवाई की जाएगी और ध्यान रखा जाएगा कि आगे से ऐसा कहीं नहीं हो।
- विकास सिंघल, एक्सईएन विद्युत वितरण खंड तृतीय