बरेली। नवाबगंज के गांव रिछोला चौधरी में कोटेदार दो तीन महीने में सिर्फ एक बार राशन बांटता है। इससे परेशान गांव के लोग बीएसएफ के रिटायर्ड असिस्टेंट कमांडेंट के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार से मिलने भारत सेवा ट्रस्ट पहुंच। गांव के करीब ढाई दर्जन लोगों ने शपथपत्र देकर राशन बिक्रेता के खिलाफ शिकायत की है।
बीएसएफ के रिटायर्ड असिस्टेंट कमांडेंट केपी सिंह के नेतृत्व में पहुंचे गांव वालों ने केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार को दी शिकायत में कहा कि गांव का राशन विक्रेता हर महीने राशन का वितरण नहीं करता है। ऐसे में भूमिहीन लोग जो इसी राशन के भरोसे रहते हैं, उन्हें काफी दिक्कत होती है। अधिकारियों से कई बार शिकायत हुई लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं की गई। डीएम और एसडीएम से शिकायत की गई लेकिन मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। बल्कि इसके बाद से राशन विक्रेता और ज्यादा निरंकुश हो गया है और शिकायतकर्ताओं को राशन कार्ड निरस्त कराने की धमकी दे रहा है। उन लोगों अधिकारियों पर भी मिलीभगत के आरोप लगाए। इस पर केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से मामले की जांच कराकर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।
सबूत के तौर पर लोगों ने दिए शपथपत्र
अपनी शिकायत के पक्ष में ढाई दर्जन लोगों ने केंद्रीय मंत्री को राशन विक्रेता के खिलाफ शपथपत्र दिए हैं, जिसमें राशन न देने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के पोर्टल और शिकायत की कॉपी भी दी है। शिकायत करने वालों में मोरकली, हरीश कुमार समेत तमाम लोग शामिल थे।