बरेली। ईसाईयों की पुलिया पर सीवर लाइन प्रोजेक्ट की खुदाई होने से यातायात बाधित हो रहा है, बावजूद इसके रविवार को पुलिस की मेहरबानी से सड़क के एक ओर संडे बाजार लगा रहा।
शहर में सीवर लाइन का काम तेज होने से जगह-जगह जाम बढ़ता जा रहा है। रविवार को आमतौर पर सड़कें खाली रहती हैं, पर यहां इस बार वाहनों की लंबी कतारें दिन भर लगी रहीं। काम शुरू करने पर जल निगम और कार्यदायी संस्था ने ईसाइयों की पुलिया से मालियों की पुलिया तक रोड को अपने बोर्ड लगाकर एक साइड बंद कर दी है। ईसाईयों की पुलिया के एक हिस्से में काम हो रहा है और डिवाइडर में कट न होने की वजह से पूरे रोड को ही ब्लॉक करना पड़ रहा है। रविवार को ईसाईयों की पुलिया से निर्माणाधीन साइड पर पहले की तरह संडे बाजार बदस्तूर लगा हुआ था। सड़क में पांच मीटर से ज्यादा गहरे गड्ढे थे और उन्हीं के पास से होकर महिलाएं व बच्चे खरीदारी करने निकल रहे थे। ऐसे में लोगों की जान का पूरा खतरा बना हुआ था। इसी साइड में कई कारें और बाइक भी पार्क कर दिए गए थे। रोड के दोनों ओर पुलिस भी तैनात थी, बावजूद इसके लोग आवाजाही कर रहे थे। कई लोग तो निर्माण की चेतावनी के बोर्ड साइड में हटाकर अपने वाहनों को निकाल ले जा रहे थे।
डेढ़ साल होगी परेशानी, पर नहीं लगाया सूचना बोर्ड
सीवर लाइन की वजह से शहर के लोगों को ये समस्या करीब डेढ़ साल तक झेलनी होगी। अनुमान के मुताबिक डेढ़ साल तक शहर के अलग-अलग हिस्सों में यह काम चलेगा। ईसाई की पुलिया से श्यामगंज, अयूब खां चौराहा होते हुए निर्माण चौपुला तक जाएगा और फिर चौकी चौराहे की दिशा में काम होगा। बावजूद इसके निर्माण स्थल पर अब तक इस संबंध में कोई बोर्ड नहीं लगाया गया है।
साइकिल ट्रैक पर बजरी डाल किया कब्जा
रोड की एक साइड काम करने की स्थिति में साइकिल ट्रैक बेमतलब साबित रहा है। इससे काफी जगह घिरी हुई है, जिसको सड़क में मिलाकर उसे चौड़ा किया जा सकता है। बावजूद इसके अगर लोग साइकिल ट्रैक से बाइक आदि निकालना भी चाहें तो जगह-जगह पर इसे लोगों ने कब्जा रखा है। रविवार को अमन हॉस्पिटल के पास एक भवन का निर्माण हो रहा था, जिसकी बजरी और सीमेंट इसी साइकिल ट्रैक पर डाल दिया गया था, जिसके कारण लोग साइकिल ट्रैक का चाहकर भी उपयोग नहीं कर पा रहे थे।
कल पूरे रोड पर लग जाएंगे डिवाइडर
एक साइड के रोड को अस्थाई लोहे के डिवाइडर लगाकर दो हिस्सों में बांटा गया है। ईसाई पुलिया से थोड़ा आगे तक डिवाइडर है, जिससे वहां जाम नहीं लग रहा। बाकी रास्ते पर वाहनों के इधर-उधर चले जाने से जाम लगता है। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि जिले के दूरदराज थानों को सावन के दिनों में जो डिवाइडर भेजे गए थे, वे आ नहीं नहीं सके हैं। इन्हें गाड़ियां भेजकर मंगाया जा रहा है। राज्यपाल के कार्यक्रम के बाद मंगलवार को ये डिवाइडर लगा दिए जाएंगे।
रात में हो काम तो न लगे जाम
स्थानीय लोगों और व्यापारियों का मानना है कि सीवर लाइन का ये काम अगर रात में हो तो जाम की समस्या काफी हद तक सुलझ जाएगी। रात में इन रास्तों पर ट्रैफिक लगभग नगण्य होता है और रोशनी में खुदाई व लाइन डालने जैसा काम आराम से किया जा सकता है। दिन में रोड खोल दिया जाया करे तो काफी समस्या हल हो सकती है।
सीवर लाइन निर्माण के लिए खोदे गड्ढों की वजह से लोगों को खतरा और निर्माण स्थल पर अनाधिकृत बाजार होने की जानकारी नहीं थी। अब इसे दिखवाया जाएगा।
- शैलेश कुमार पांडेय, एसएसपी