बरेली। रोडवेज कर्मचारी अब ड्यूटी के समय शराब पीये मिले तो उनकी नौकरी तक जा सकती है। अन्य विभागीय कार्रवाइयां होंगी वह अलग। ऐसा आदेश उत्तर प्रदेश सड़क परिवहन निगम ने अपने विभागीय अफसरों को भेजा है। इसके अलावा मुख्यालय से ब्रीथ एनालाइजर मशीनें भी भेजी गई हैं, जिनसे चालक और परिचालक की जांच कहीं भी की जा सकेगी।
स्टेशन अधीक्षक दीनानाथ ने बताया कि शराब पीकर यदि चालक अथवा परिचालक ड्यूटी पर पाए गए तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं संविदा कर्मचारियों की संविदा भी समाप्त की जा सकती है और यदि रेगुलर स्टाफ हुआ तो निलंबन की कार्रवाई होगी, जबकि क्लर्क आदि पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश हैं। ब्रीथ एनालाइजर मशीन पुराना बस स्टेशन और सेटेलाइट बस स्टेशन पर एक-एक मुहैया करा दी गई हैं। इसके अलावा चेकिंग स्टाफ को भी एक-एक मशीन दी गई है, जो टीआई के पास होगी। यह स्टाफ बस चेकिंग के दौरान चालक और परिचालक की भी जांच करेगा। स्टेशनों पर बस छूटने से पहले अचानक कभी भी चालक परिचालक की जांच की जा सकती है।