बरेली। गुजरात में मई में बहुमंजिला इमारत में अग्निकांड और उसमें छात्र सहित 23 लोगों की मौत की घटना से सबक लेते हुए यहां अग्निशमन विभाग ने 7.29 करोड़ से हाइड्रोलिक प्लेटफार्म खरीदने का प्रस्ताव कमिश्नर को भेजा है। हाइड्रोलिक प्लेटफार्म को खरीदने के लिए इटली से एक डीलर से आगणक भी मंगवा लिया गया है।
शहर में बहुमंजिला इमारतें बन रही हैं। अग्निकांड के समय इन भवन स्वामियों के पास आग से बचाव के लिए पर्याप्त संसाधन ही उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में कहीं ऐसी घटना यहां घटित होती है तो गुजरात की तरह यहां भी किसी बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता। अग्निशमन के अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में अग्निशमन विभाग के पास केवल 10.67 मीटर ऊंची सीढ़ियां ही उपलब्ध हैं, जबकि जिले में 49 मीटर ऊंचे भवन बने हैं या उनका निर्माण प्रस्तावित है। जाहिर है कि इस संसाधन के भरोसे किसी बड़ी दुर्घटना में बचाव कार्य करा पाना मुमकिन नहीं होगा, जिसे देखते हुए 44 मीटर ऊंचाई के हाइड्रोलिक प्लेटफार्म उपलब्ध कराए जाने की जरूरत महसूस की गई है। अफसरों का कहना है कि हाइड्रोलिक प्लेटफार्म को खरीदने के लिए सेला इटली के भारतीय डीलर से आगणक मंगवाया गया था। इसमें इसकी कीमत सात करोड़ 29 लाख 42 हजार रुपये है, जबकि यूरो में इसका 693000 में भुगतान होना है। इसमें प्लेटफार्म की बेसिक कीमत, यातायात सहित दूसरे खर्चे भी शामिल हैं। अग्निशमन के अधिकारियों ने कमिश्नर रणवीर प्रसाद से इस हाइड्रोलिक मशीन की खरीद करने के लिए बीडीए, नगर निगम से भी वित्तीय मदद दिलाने का आग्रह किया है।
हाइड्रोलिक प्लेटफार्म कई शहरों में अग्निशमन विभाग के पास मौजूद हैं। इससे ऊंची इमारतों में अग्निकांड के समय बचाव कार्य आसानी से हो सकते हैं। इसलिए यहां भी इसका प्रस्ताव कमिश्नर को दिया गया है।
-सोमदत्त, अग्निशमन अधिकारी