बरेली। डाक विभाग के बाद अब रेलवे ने भी जम्मू-कश्मीर को जाने वाले पार्सल पर रोक लगा दी है। इससे सड़क यातायात पर बोझ बढ़ गया है, लेकिन ट्रक आपरेटर एसोसिएशन भी सिर्फ पठानकोट तक की ही बुकिंग ले रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में सामान ले जाने पर लगी रोक से हर दिन करीब दो करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हो रहा है।
बरेली से दाल, खाद्य तेल, पतंग-मांझा आदि सामान जम्मू-कश्मीर जाता है। सबसे ज्यादा कारोबार अनाज, दाल और खाद्य तेलों का ही है। बरेली से हर दिन दो करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार होता है। लेकिन पांच अगस्त से ट्रांसपोर्टर्स जम्मू-कश्मीर की बुकिंग नहीं ले रहे हैं। एसोसिएशन अध्यक्ष शोभित सक्सेना ने बताया कि पठानकोट तक ही बुकिंग हो रही है। जम्मू-कश्मीर सामान तक ले जाने पर लगी पाबंदी से कारोबार प्रभावित हुआ है। दाल कारोबारी अवधेश अग्रवाल डब्बू ने बताया कि पंजाब और पठानकोट तक ही सामान पहुंच पा रहा है। जम्मू-कश्मीर से फिलहाल कारोबार ठप है। स्थिति सामान्य होने पर ही कारोबार शुरू होगा।
पतंग-मांझा सड़क मार्ग से
रेलवे ने पतंग-मांझा के पार्सल की दिल्ली बुकिंग के लिए भी रोक दी है। इसलिए कारोबारी दिल्ली के लिए सड़क यातायात से पतंग-मांझा आदि सामान भेजेंगे। ट्रांसपोर्टर शोभित सक्सेना ने बताया कि दिल्ली की बुकिंग अभी जारी है।