बरेली। स्मार्ट सिटी में सरकारी कार्यालय बिजली की बचत कर सौर ऊर्जा से रोशन होंगे। इसके लिए 2.77 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है, जिसे लागू करने के लिए नगर निगम सरकारी विभागों से एनओसी मांग रहा है।
स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट में 24 बिंदुओं पर शहर का विकास होना है। इसमें शहर को 24 घंटे विद्युत आपूर्ति के साथ ही कुल खपत की दस प्रतिशत बिजली का सौर ऊर्जा के जरिये उत्पादन भी करना है। इसके लिए प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसलटेंसी (पीएमसी) ने 2.77 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट तैयार किया है। इसके तहत विकास भवन, कलक्ट्रेट, रोजगार कार्यालय समेत कार्यालयों को सौर ऊर्जा से रोशन करना है। नगर निगम ने इसको लेकर काम शुरू कर दिया है। विभिन्न विभागों को पत्र लिखकर एनओसी मांगी जा रही है। इसमें विभागों को बताया गया है कि सौर ऊर्जा का सिस्टम लगाने पर होने वाला पूरा खर्च स्मार्ट सिटी कंपनी ही वहन करेगी।