बरेली। जिले की जरूरत और आबादी को देखते हुए वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल ने बरेली में मेडिकल कॉलेज बनाने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजा है। उन्होंने कहा है कि इसके लिए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के पास खाली पड़ी सात एकड़ जमीन ली जा सकती है।
वित्तमंत्री ने अपने पत्र में लिखा है कि जिले की आबादी 47 लाख है और यहां से लखनऊ व दिल्ली बराबर दूरी लगभग 250 किलोमीटर पर हैं। इस दूरी के चलते यहां के मरीजों को मजबूरन निजी अस्पताल जाना पड़ता है। उन्होंने कहा है कि बरेली के जिला अस्पताल में 325, महिला अस्पताल में 214, मानसिक चिकित्सालय में 425 और नवनिर्मित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में 300 बेड हैं। मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए 600 बेड की आवश्यकता होती है जबकि यह संख्या 1264 है। ऐसे में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के पास खाली पड़ी सात एकड़ जमीन को मेडिकल के पक्ष में ट्रांसफर कराया जा सकता है। यहां छात्रावास या प्रशासनिक भवन बन सकता है और अलग से जमीन अधिग्रहण की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। इन सब तथ्यों से अवगत कराते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री से बरेली में मेडिकल कॉलेज खोलने की मांग की है।