बरेली। हाईवे पर जलभराव होने से वाहनों की रफ्तार घटी तो सिटी स्टेशन के आसपास जाम लग गया। उसी समय स्कूलों की छुट्टी हुई तो बच्चों के वाहन भी इसमें फंस गए और उन्हें काफी परेशान होना पड़ा। ट्रैफिक पुलिस ने बमुश्किल जाम खुलवाया। बरेली जंक्शन पर पटरियों के बीच भी जलभराव हुआ और शहर के तमाम इलाकों में भी सड़कें जलमग्न हो गईं।
बृहस्पतिवार की सुबह करीब चार बजे शुरू हुई बारिश सात बजे के बाद रुकी और पूर्वाह्न 11 बजे के आसपास दोबारा शुरू हो गई। इसके बाद कभी हल्की, कभी तेज बारिश दोपहर तीन बजे के बाद तक होती रही, जिसके चलते सिटी स्टेशन के सामने नाला उफनाने से रामपुर रोड पर जलभराव हो गया। किला पुल की सर्विस लेन भी पानी में डूब गई। यहां वाहनों की रफ्तार थमी तो जाम लग गया। करीब घंटे भर यहां जाम के हालात बने रहे। इसी बीच स्कूलों की छुट्टी हुई तो बच्चों के वाहन भी जाम में फंस गए। पैदल या साइकिल से स्कूल जाने वाले बच्चे जाम में नहीं फंसे तो मोहल्लों में उन्हें जलभराव से होकर गुजरना पड़ा। वहीं, बरेली जंक्शन पर ट्रैक के बीच नाली की ठीक से सफाई न होने के चलते करीब आधा फुट तक पानी भर गया। हालांकि इससे ट्रेन संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।
संजयनगर, डीडीपुरम और मलूकपुर में सड़कें डूबीं
बारिश के चलते संजयनगर में मुख्यमार्ग पर करीब डेढ़ फुट तक पानी भर गया। संपवेल समेत अन्य गलियों में भी जलभराव हुआ। डीडीपुरम में झूलेलाल द्वार, इंदिरानगर की गलियां भी जलमग्न हुईं। मलूकपुर बजरिया, कुंवरपुर, बिहारीपुर की गलियों में दो फुट तक पानी भरा। स्टेडियम रोड पर पेट्रोलपंप के दोनों ओर सड़कों पर पानी भरा।
मोहल्लों में भी हाल खराब
चौधरी मोहल्ला में बशीर मियां की मजार से रानी साहब का फाटक होते हुए नैनीताल रोड तक जलभराव हुआ। मढ़ीनाथ में संत गाडगे नगर और शांति विहार में भी गलियों में पानी भर गया। इज्जतनगर में आलोक नगर डिफेंस कालोनी, गायत्रीनगर और कंजादासपुर की गलियों में दो फुट तक जलभराव रहा। भूड़ में कला केंद्र इंटर कॉलेज के पास और आलमगिरीगंज में गलियों में पानी भरा। सैदपुर हॉकिन्स में गोकुल धाम और त्रिवेणी कालोनी में भी जलभराव के चलते लोगों को परेशान होना पड़ा।