बरेली। शहर में अतिक्रमण और बेलगाम टेंपो, ई-रिक्शा चालकों की मनमानी से रास्ते और चौराहे फिर से जाम होने लगे हैं। बाजार के रास्तों पर सबसे ज्यादा जाम लगता है, मगर ट्रैफिक पुलिस चालान काटकर लक्ष्य पूरा करने में जुटी। शुक्रवार दोपहर अमर उजाला टीम ने कैमरे के साथ जायजा लिया तो व्यस्त रास्तों पर हर ओर जाम नजर आया।
कुतुबखाना चौराहे पर जमे रिक्शे वाले
कुतुबखाना चौराहे पर ट्रैफिक लाइटें तो चालू कर स्टाफ तैनात कर दिया गया है। इसके बावजूद चौराहे से आगे पीछे रास्तों पर वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है। चौराहे से प्रेमनगर दिशा वाले मोड़ पर दिन भर रिक्शा वाले रोड की एक साइड कब्जाए रहते हैं। शुक्रवार को भी ऐसा ही हाल था। दूसरे रास्तों पर भी वाहन रास्ता कब्जाए थे।
कोहाड़ापीर पर लगाया वाहनों ने जाम
कोहाड़ापीर चौराहे पर भी दोपहर के वक्त जाम लगा था। यहां एक ओर नगर निगम की टीम अतिक्रमण अभियान चला रही थी। दूसरी ओर कई वाहन फंसे हुए थे। रास्ता खुलवाने को कोई पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद नहीं था। लोग गलियों की ओर घूमे तो उनमें भी जाम के हालात बन गए।
शाहदाना चौराहा खाली, मगर रास्ते जाम
हर वक्त जाम की गिरफ्त में रहने वाला शाहदाना चौराहा दोपहर के वक्त अपेक्षाकृत खाली था। मगर चौराहे से निकलने वाले रास्तों पर टेंपो और ई-रिक्शा चालक कब्जा जमाए थे। इसके साथ ही श्यामगंज रोड पर पुल के ठीक नीचे वाहनों की अवैध पार्किंग बदस्तूर कायम थी। कई फूलों की दुकानें बीच सड़क पर लगी थीं तो व्यापारियों का सामान भी फैला था।
- टेंपो और ई-रिक्शा वालों को साफ बता दिया गया है कि उन्हें चौराहे छोड़कर खड़ा होना है। चौराहों पर वाहन खड़े करके जाम बिल्कुल न लगाएं। नियम तोड़ने वालों पर सख्ती से कार्रवाई भी हो रही है। इसे और तेज किया जाएगा। - एससी गंगवार, एसपी ट्रैफिक