बरेली। शनिवार की सुबह सुरेश शर्मा नगर की स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कॉलोनी स्थित पार्क के पास खंभे में उतरे करंट से एक भैंस की मौत हो गई थी। जिसकी सूचना बिजली विभाग को दी गई लेकिन निवासियों के सिर पर मंडरा रहे खतरे को दूर करने रविवार को बिजली विभाग की ओर से कोई प्रयास नहीं किए गए। रविवार को स्थानीय निवासी करंट उतरने से हादसे की आशंका से पार्क की ओर रुख नहीं किया। वे सोमवार को बिजली विभाग के मुख्य अभियंता को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग करेंगे।
शनिवार की सुबह कॉलोनी स्थित पार्क से सटे खंभे में अचानक करंट उतर आया था। जिसकी चपेट में आने से एक भैंस की मौत हो गई थी। निवासियों के मुताबिक खंभे से करंट उतरने का सिलसिला अब भी जारी है। इसलिए रविवार को वे पार्क जाने वाले मार्ग पर खड़े होकर राहगीरों को उधर से गुजरने को मना करते रहे। निवासी मोतीलाल यादव ने बताया कि करंट से हुई मौत के बाद बिजली अफसर या अन्य कर्मचारी नहीं पहुंचे। रविवार को भी सुबह से कई बार फोन करके मामले की जानकारी दी गई फिर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। बारिश होने पर संबंधित क्षेत्र में जलभराव होने पर बड़ा हादसा होने की आशंका जताई है। साथ ही, उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र सौंपकर कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने समेत मृत भैंस का मुआवजा मांगने की बात कही है।