बरेली। बरेली-बीसलपुर रोड पर हरुनगला के पास नकटिया नदी पुल पर शनिवार दोपहर करीब एक घंटे जाम लगा रहा। जाम में फंसे वाहनों में सवार स्कूली बच्चे उमस भरी तेज गर्मी में परेशान रहे। गर्मी के कारण कुछ बच्चे वाहनों से उतरकर अपने घरों को पैदल गए। चीता मोबाइल के सिपाहियों ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।
बरेली-बीसलपुर रोड पर राधा माधव पब्लिक स्कूल और एसआर इंटरनेशनल समेत कई प्रमुख स्कूल हैं। हरुनगला बिजली घर के पास नकटिया नदी पर बना पुल काफी संकरा है। स्कूलों की छुट्टी होने के बाद पुल पर अक्सर जाम लग जाता है। शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पुल पर दो बसों के आमने-सामने आने से जाम लग गया। कुछ ही देर में दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। उस वक्त उमस भरी तेज गर्मी थी। जाम के बीच फंसे आटो, वैन और बसों में सवार स्कूली बच्चे उमस और तेज गर्मी की वजह से खासे परेशान थे। काफी देर इंतजार करने पर जाम नहीं खुला तो आसपास कॉलोनियों में रहने वाले कुछ बच्चे पैदल ही अपने घरों को चले गए। सवा दो बजे रुहेलखंड चौकी की चीता मोबाइल के दो सिपाही मौके पर पहुंचे और वाहनों को हटवाया। तब कहीं जाकर दोपहर ढाई बजे जाम खुल सका। फिर कुछ देर बाद यातायात सुचारु हो सका।