एडीजी ने सभी एसपी को जारी किए निर्देश, सार्वजनिक स्थानों पर रखें चौकसी
बरेली। एडीजी ने बरेली जोन में निर्देश जारी किए हैं कि न्यू ईयर जश्न के नाम पर गुंडई और हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। शराब पीकर सार्वजनिक स्थानों पर ऊधम काटने वालों, अश्लीलता करने और हर्ष फायरिंग के मामलों में पुलिस को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
क्रिसमस के बाद न्यू ईयर जश्न को लेकर युवाओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। हर साल की तरह इस बार भी होटलों में धमाल की तैयारी है। इसकी आड़ में सड़कों पर दारू पार्टी, अश्लीलता और हर्ष फायरिंग की स्थिति आमतौर पर देखने को मिलती है। इस बार नागरिकता कानून को लेकर पहले से माहौल खराब है, ऐसे में पुलिस प्रशासन कोई रिस्क नहीं लेना चाहता है। लिहाजा इस बार ज्यादा सख्ती बरतने की तैयारी है। एडीजी अविनाश चंद्र ने इस बारे में स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी करने को कहा है। डीआईजी ने भी बरेली रेंज के चारों जिलों के एसपी को अलर्ट जारी किया है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और दूसरे सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग कर संदिग्धों की तलाशी लेने को कहा है। खुफिया अमला भी इस आशंका में जांच कर रहा है कि कहीं एनएए, एनआरसी विरोध की ठंडी पड़ी चिंगारी को नए साल पर ऊधम के बहाने हवा न मिल जाए।