बसों के पहिये थमे, रोडवेज के अड्डों पर दिन भर सन्नाटा
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। सूबे के तमाम शहरों से हिंसा की खबरें आने की वजह से ज्यादातर लोगों ने दूसरे शहरों की यात्रा टाल दी, नतीजा यह हुआ कि रोडवेज के अड्डों पर आम दिनों की तरह रहने वाली भीड़भाड़ शुक्रवार को नजर नहीं आई। इस बीच प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों की भीड़भाड़ के मद्देनजर पुराने रोडवेज अड्डे से बसों का संचालन पूरी तरह बंद करा दिया। पूरे दिन यह अड्डा सन्नाटे में डूबा रहा। सेटेलाइट स्टेशन से बसें चलीं लेकिन ज्यादा यात्री उनमें भी नहीं दिखाई दिए। तमाम बसों को इस वजह से रद्द कर दिया गया।
पुराने रोडवेज स्टैंड से दिन भर में साढ़े छह सौ से ज्यादा बसें दूसरे शहरों के लिए निकलती हैं लेकिन प्रशासन ने शुक्रवार सुबह ही इस रोडवेज स्टेशन से बसों का संचालन बंद करा दिया था। इसके बाद इस स्टैंड की जरूरी बस सेवाओं को सेटेलाइट स्टेशन के लिए शिफ्ट कर दिया गया, लेकिन यहां भी मौसम और तनाव के बीच यात्रियों की मौजूदगी बमुश्किल बीस प्रतिशत ही रही। इसलिए बसों का लोड फैक्टर काफी गिर गया है। एआरएम (कार्मिक) चीनी प्रसाद ने बताया कि कम यात्री होने से रोडवेज को काफी घाटा हुआ है। घाटे का सही आकलन रविवार तक हो पाएगा।