बरेली। अमर उजाला प्रेस परिसर का बुधवार को नकटिया स्थित श्री भारती वर्ल्ड स्कूल के स्टूडेंट्स ने भ्रमण किया। उन्होंने अखबार के लिए समाचार संकलन, प्रिंटिंग और वितरण की जानकारी हासिल की। इस दौरान मौजूद स्कूल स्टॉफ को भी अखबार छपने संबंधी तमाम पहलुओं से रूबरू कराया गया। डिजिटल प्रिंटिंग का तरीका जानने के लिए स्टूडेंट्स खासा उत्साहित रहे।
शुरुआत बच्चों को प्रिंटिंग संबंधी पिक्चर दिखाकर की गई। इसके बाद अखबार के दफ्तर में खबरें कहां से और कैसे पहुंचती हैं, खबरों का संपादन कैसे होता है और प्रसार सहित तमाम जानकारी दी गईं। इसके अलावा प्रिंटिंग मशीन, अखबार का कागज, कलर, विज्ञापन, सर्कुलेशन आदि जानकारियां विद्यार्थियों को दी गईं, जिसके बाद उन्होंने समाचार संकलन, प्रिंटिंग व डिस्पैचिंग आदि गतिविधियों संबंधी सवाल पूछे। जिसके जवाब पाकर वह खुश नजर आए। इस दौरान स्कूल के शिक्षक अकबर, प्रियंका, आशा समेत 30 स्टूडेंट़्स मौजूद रहे।