कैश वाहनों में आगे-पीछे लगाए जाएंगे कैमरे
बरेली। बैंक और एटीएम में आए दिन होने वाली आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सभी बैंकों को दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके तहत सुरक्षा की दृष्टि से कोई एटीएम सुनसान जगहों पर नहीं बनाए जाएंगे। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के साथ गुप्त कैमरे भी लगाए जाएं, क्योंकि अपराधियों की नजर सीसीटीवी कैमरों पर ही रहती है। बैंक अधिकारियों को यह चेतावनी दी गई है कि अगर सुरक्षा व्यवस्था में चूक होती है तो उनके लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई होगी।
शासन के निर्देश के बाद बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खास फोकस किया जा रहा है। बैंक अधिकारियों को जारी गाइड लाइंस के तहत कैश वैन के अंदर और बाहर सीसीटीवी की व्यवस्था होगी, ताकि कोई अपराधी अगर कैश वैन का पीछा करता है तो उसकी कवरेज हो सके। करेंसी चेस्ट के लिए नियुक्त वाहन चालक, सुरक्षा कर्मी और ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन करने वाले व्यक्ति और बैंक सुरक्षा के लिए लगे गार्डों का भी सत्यापन कराया जाए। बैंक अधिकारियों द्वारा सीसीटीवी में दिखाई देने वाले संदिग्ध गतिविधियों के बारे में पुलिस को सूचित किया जाए।
गौरतलब है कि बैंक, एटीएम और ग्राहक सेवा केंद्र, करेंसी ट्रांजेक्शन और करेंसी चेस्ट की सुरक्षा को लेकर पांच दिसंबर को विकास भवन में भी बैंक अफसरों के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर प्लानिंग बनाई गई थी। पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले वाले बैंक अफसरों पर कार्रवाई होगी।