बरेली। एक ओर बच्चे ठंड से ठिठुर रहे हैं तो वहीं गोदाम तक पहुंचकर भी स्वेटर वितरित नहीं कि ए जा रहे। शिक्षक संगठनों ने इस पर तीखी नाराजगी जताते हुए डीएम से जल्द स्वेटर वितरित कराने की मांग की है। बीईओ देवेश राय ने सोमवार को गोदाम पहुंचे स्वेटरों का वितरण कराने का आश्वासन दिया है।
बताया जाता है कि शनिवार की देर शाम तक भूड़ स्थित गोदाम पर करीब 35 हजार स्वेटर पहुंचे हैं। इससे पूर्व 15 हजार स्वेटर वितरण के लिए पहुंचे थे, लेकिन अफसर वितरण कराने के बजाय स्वेटर को स्टोर करने में लगे हैं। नियमानुसार जिस तादाद में स्वेटर की सप्लाई हो रही है, उसी के सापेक्ष उनका वितरण भी होना चाहिए। लेकिन अफसर ब्लॉकवार स्वेटर वितरण की प्रक्रिया को पूरा करने में लगे हैं। उप्र परिषदीय शिक्षक संघ के हरीश बाबू शर्मा के मुताबिक शिक्षकों पर स्वेटर वितरण की जिम्मेदारी होती तो अब तक उन पर कार्रवाई हो चुकी होती। वहीं, शिक्षक नेता केसी पटेल का कहना है कि बीआरसी पर स्वेटर तो पहुंच रहे हैं, लेकिन वितरण शून्य है। शिक्षक संगठन ने डीएम से स्वेटर वितरण में हो रही लेटलतीफी पर संज्ञान लेने की मांग की है।