बरेली। भगवान चित्रगुप्त महाराज की जयंती पर कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप चौराहे पर आयोजित शहर के प्रमुख कार्यक्रम में शामिल होने के कुछ देर बाद ही शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार कोरोना संक्रमित पाए गए तो आयोजकों के साथ कार्यक्रम में मौजूद रहे लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ ही समय बाद फरीदपुर के विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल के भी संक्रमित होने की खबर आई तो उन भाजपाइयों की भी बेचैनी बढ़ गई जो हाल ही में दोनों विधायकों के संपर्क में आए थे।
कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप चौराहे पर सोमवार दोपहर चित्रगुप्त महाराज की जयंती पर बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया गया था जिसमें शहर विधायक डॉ. अरुण भी पहुंचे थे। कार्यक्रम खत्म होते ही उन्हें कमजोरी महसूस हुई तो उन्होंने फौरन तीन सौ बेड को कोविड अस्पताल पहुंचकर एंटीजन जांच कराई। रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो वह यहीं से एक निजी अस्पताल में जाकर भर्ती हो गए। चित्रगुप्त जयंती समारोह के आयोजकों को शहर विधायक के संक्रमित होने की जानकारी मिली तो उनमें हड़कंप मच गया। बताया जाता है कि समारोह में आयोजन समिति के कई पदाधिकारी और सदस्यों के साथ कई अतिथि डॉ. अरुण के संपर्क में आए थे जिनमें अब बेचैनी का माहौल है।
चित्रगुप्त जयंती के आयोजकों की ओर से इसके बाद कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को फोन करके उनसे अपना कोरोना टेस्ट कराने का आग्रह किया है। बताया गया कि यहां समारोह में शामिल हुए लोग बाद में कई दूसरे कार्यक्रमों में भी शामिल होने के साथ तमाम लोगों से मिल चुके थे।
संतोष भी चिंतित, दिल्ली पहुंचकर टेस्ट कराएंगे
चित्रगुप्त जयंती कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार को डॉ. अरुण के कोरोना संक्रमित होने की खबर तब मिली जब वे दिल्ली रवाना हो चुके थे। कार्यक्रम में शहर विधायक लगातार उन्हीं के साथ मौजूद रहे थे लिहाजा उनकी भी चिंता बढ़ गई। उन्होंने बताया कि वह अब दिल्ली पहुंचकर कोरोना टेस्ट कराएंगे। उन्होंने बताया कि उनके मंत्रालय में निजी सचिव अनिता त्रिपाठी भी संक्रमित हो गई हैं। इसलिए मंत्रालय के स्टाफ को भी जांच कराने को कहा गया है।
संक्रमित होकर भी पांच दिन घूमते रहे फरीदपुर विधायक
फरीदपुर के विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल ने कुछ दिन पहले कोरोना टेस्ट कराया था जिसकी रिपोर्ट सोमवार सुबह जारी हुई तो पता चला कि वह भी संक्रमित हैं। रिपोर्ट आने के बाद विधायक होम आइसोलेशन में चले गए। उन्होंने बताया कि पांच दिन पहले कराए गए टेस्ट की रिपोर्ट अब मिली है। इसलिए वे सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग नहीं लेंगे न किसी से संपर्क करेंगे।