अब रेलवे टिकट जांच कर्मचारियों (टीआई, सीटीआई) को सीयूजी कनेक्शन देने की तैयारी कर रहा है। टिकट जांच कर्मचारी ड्यूटी के दौरान अपने अधिकारियों और सहयोगियों के संपर्क में रहेंगे। दरअसल अब तक लोको पायलट, गार्ड सहित रेलवे स्टाफ को सीयूजी कनेक्शन मिलते थे, लेकिन टिकट जांच कर्मचारी को सीयूजी कनेक्शन की सुविधा नहीं दी जा रही थी। अब रेलवे बोर्ड ने टिकट जांच कर्मचारियों को भी फ्रंट लाइन कर्मचारी माना है। बोर्ड का मानना है कि टिकट जांच कर्मचारी को यात्रियों से सीधा संवाद करना होता है। चलती ट्रेन में खान-पान और सफाई की निगरानी भी उनकी जिम्मेदारी में है। आपराधिक वारदात होने पर भी वही अगले जंक्शन को सूचना भेजते हैं। सुरक्षा से जुड़े मामलों के चलते वह अधिकारियों के संपर्क में बने रहे, इसके लिए उनके पास सीयूजी कनेक्शन होने चाहिए। बोर्ड ने इस संबंध में दिशा निर्देश जारी किए हैं। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में टिकट जांच कर्मचारियों को सीयूजी नंबर देने की तैयारी शुरू हो चुकी है। रेलवे बोर्ड ने टिकट जांच कर्मचारी को 300 रुपये प्रति माह के आधार पर सीयूजी नंबर देने का प्रावधान किया है। इज्जतनगर मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह के मुताबिक नई व्यवस्था से रेलवे की कार्यप्रणाली बेहतर होगी।