बरेली। पुलिस विभाग चौपुला फ्लाईओवर के दो पिलर पुलिस लाइंस की बाउंड्री के अंदर बनाने के लिए एनओसी नहीं दे रहा है। इससे फ्लाईओवर प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ पा रहा है। बुधवार को सेतु निगम के डीपीएम बीके सेन ने डीएम वीरेंद्र कुमार से मुलाकात कर पुलिस विभाग से जल्द एनओसी दिलाने का आग्रह किया है। इस संबंध में प्रशासन को फिर से चिट्ठी भी भेजी गई है।
चौपुला फ्लाईओवर का काम काफी समय से प्रभावित है। चौपुला चौराहे से किला की ओर फ्लाईओवर का निर्माण इसलिए बंद है, क्योंकि ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने उर्से रजवी का हवाला देते हुए फिलहाल कुछ दिन और रुकने की बात कही है। उधर, सेतु निगम को नए और पुराने पुलों के बीच एक एप्रोच रोड बनानी है। इसलिए पुलिस लाइंस बाउंड्री के अंदर दो पिलर बनाने की अनुमति पुलिस अधिकारियों से मांगी गई थी, लेकिन पुलिस विभाग ने आपत्ति लगाकर एनओसी देने में देरी कर रहा है। पुलिस अधिकारियों ने यह एतराज भी जताया था कि रोड बनी तो आसपास सरकारी आवासों में रहने वाले पुलिस परिवारों की निजता प्रभावित होगी। उधर, एनओसी न मिल पाने से परेशान सेतु निगम ने डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह से फिर मिलकर समस्या बताई। सेतु निगम के उप परियोजना प्रबंधक ने डीएम को इस संबंध में लेटर भी दिया है।
‘चौपुला फ्लाईओवर के लिए मंदिर और पीलीकोठी के बीच पुलिस लाइंस ग्राउंड में बाउंड्री के अंदर भी पिलर बनाए जाने हैं। पुलिस विभाग से एनओसी न मिल पाने से निर्माण कार्य प्रभावित है। इस दिक्कत से डीएम को भी अवगत करा दिया गया है।’
- देवेंद्र सिंह, सीपीएम, सेतु निगम
पुलिस लाइन गृह विभाग की संपत्ति है। उसमें किसी अन्य विभाग का निर्माण जैसी गतिविधि की अनुमति मेरे स्तर से नहीं दी जा सकती। संबंधित विभाग की मांग और जनहित के काम की वजह से मैंने अपने स्तर से संस्तुति करके उच्चाधिकारियों को भेज दी है। अब उच्चस्तर से अनुमति मिलने के बाद ही निर्माण संभव हो पाएगा।
- शैलेश कुमार पांडेय, एसएसपी