गन्ना भरी ट्रॉली फंसने से लगा जाम।
लखीमपुर खीरी। पलिया से भाजपा विधायक रोमी साहनी ने वीडियो जारी कर सीएम योगी से पलिया और गोला के किसानों का बकाया गन्ना भुगतान कराने की गुहार लगाई है।
वीडियो के जरिये विधायक रोमी साहनी ने सीएम योगी से गुहार लगाई कि उनकी पलिया और पास की गोला विधानसभा में बजाज चीनी मिल एक साल बाद भी उनका बकाया गन्ना भुगतान नहीं कर रही हैं। विधायक ने कहा कि सीएम योगी से इस बारे में तीन बार चर्चा हुई। वहीं मिल प्रबंधन ने भी 30 नवंबर तक भुगतान की बात कही थी, लेकिन दो दिसंबर तक भी कोई भुगतान नहीं हुआ है।
विधायक ने कहा कि बाढ़ ने किसान को वैसे ही तोड़ दिया है। अगर गन्ना भुगतान नहीं होगा तो इलाके का किसान जीने लायक नहीं रहेगा। उन्होंने सीएम से गुहार लगाते हुए कहा कि पलिया चीनी मिल पर एफआईआर से भी कोई लाभ नहीं मिला है। इसलिए सीएम योगी बजाज चीनी मिल पर दबाव बनाकर किसानों का भुगतान करवाने की कृपा करें। विधायक ने कहा कि किसानों का दर्द उनसे देखा नहीं जा रहा इसलिए वह सीएम से ऐसी अपील कर रहे हैं। संवाद