नवाबगंज। जेपीएन इंटर काॅलेज के मैदान पर चल रही दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के अंतिम दिन आयोजकों ने खिलाड़ियों को ऊबड़-खाबड़ ट्रैक पर नंगे पांव दौड़ा दिया। तेज धूप और ट्रैक खराब होने के चलते कई खिलाड़ी बेहोश होकर गिर गए। अव्यवस्थाओं को लेकर खिलाड़ी आक्रोशित दिखे।
अंतिम दिन बालिकाओं के बीच मुकाबले हुए। सीनियर वर्ग की 800 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में जेपीएन कालेज की दामिनी व जूनियर वर्ग में श्री कृष्ण इंटर कॉलेज की अंजलि को पहला स्थान मिला। 100 मीटर दौड़ मे श्री कृष्ण इंटर कालेज की रूबी गंगवार प्रथम रहीं। सीनियर वर्ग की 400 मीटर दौड़ में दरबारी लाल शर्मा इंटर कालेज की राजकुमारी व जूनियर वर्ग में श्री कृष्ण इंटर कालेज की रूबी गंगवार ने पहले स्थान पर कब्जा जमाया।
जूनियर वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में श्री कृष्ण इंटर काॅलेज की अंजलि और सीनियर वर्ग की पांच हजार मीटर दौड़ में जेपीएन इंटर कालेज की सोमवती को प्रथम स्थान मिला। भाला फेंक के सीनियर वर्ग में जेपीएन इंटर कालेज की प्रियांशी व जूनियर वर्ग में जवाहर लाल इंटर कालेज की शीला प्रथम रहीं। लंबी कूद के जूनियर वर्ग में लालता प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर की संध्या व ऊंची कूद सीनियर वर्ग में जेपीएन कालेज की नीतू प्रथम रही।
विजेताओं को डॉ. आशुतोष गंगवार और कॉलेज के प्रधानाचार्य लाल बहादुर गंगवार ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस मौके पर डॉ. देवेंद्र कुमार, महेंद्रपाल सागर, लोकेश शर्मा, तुलाराम आदि मौजूद रहे।
-
चंद्रशेखर कॉलेज गैनी बना ओवरऑल चैंपियन
आंवला। श्री सुभाष इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित माध्यमिक व बेसिक विद्यालयों की दो दिवसीय तहसील स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन कई वर्गों में मुकाबले हुए। भाला फेंक, चक्का फेंक, बालक वर्ग की 16 सौ मीटर व बालिका वर्ग की तीन हजार मीटर की दौड़ प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन सत्र में एसडीएम नहने राम ने सभी सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। श्री सुभाष कॉलेज के प्रधानाचार्य अमर सिंह ने बताया कि 96 अंक पाकर चंद्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज ओवरऑल चैंपियन रहा। दूसरे स्थान पर हवलदार अब्दुल हमीद इंटर कॉलेज वाहनपुर व तीसरे स्थान पर श्री डीपी सिंह कन्या इंटर कॉलेज रमनगला रहा। रवि कुमार सिंह, किशोर सिंह, सत्यम मिश्रा, सुमित कुमार, शैलेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद