बरेली। मानकों को ताख कर रखकर अवैध रूप से देहात इलाकों में धड़ल्ले से चल रहे स्विमिंग पूल में डूबने से रविवार को नवाबगंज के राजेश के दस वर्षीय बेटे आदित्य की मौत हो गई। घटना जिस स्विमिंग पूल में हुई उसका मालिक रिटायर्ड पुलिस कर्मी है। घटना के बाद परिजन ने मौके पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने स्विमिंग पूल मालिक को हिरासत में लिया तो शांत हुए। बच्चे के पिता ने आरोपी के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
कस्बे के मोहल्ला बिजौरिया रोड निवासी राजेश का छोटा बेटा 10 वर्षीय आदित्य कक्षा तीन का छात्र था। रविवार को वह पड़ोस में रहने वाले महेंद्र पाल के बेटे शेखर के साथ रिछोला पुलिस चौकी के पास सुंदरी गांव में सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी कैलाश गंगवार के स्विमिंग पूल में नहाने गया था। शुल्क देने के लिए रुपये न होने पर शेखर स्विमिंग पूल में नहीं नहाया, जबकि आदित्य स्विमिंग पूल मालिक को 20 रुपये शुल्क देकर नहाने लगा। इस दौरान पानी में डूबकर उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्विमिंग पूल मालिक पर आदित्य की डुबाकर हत्या करने का आरोप लगाया। घटना से गुस्साए परिजन ने वहां खूब हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्विमिंग पूल बंद कराकर उसके मालिक को हिरासत में ले लिया। घटना की तहरीर मृतक के पिता की ओर से स्विमिंग पूल मालिक के खिलाफ थाना नवाबगंज में दी गई है।
घटनाओं से नहीं चेता प्रशासन, फिर बच्चे की गई जान
तहसील क्षेत्र में बरेली-पीलीभीत हाईवे पर मंडी स्थल, रिछोला में पुलिस चौकी के पास, हरहरपुर मटकली, हाफिजगंज आदि में अवैध रूप स्विमिंग पूल संचालित है। दो माह पहले हाफिजगंज में एक किशोरी की स्विमिंग पूल में डूबकर मौत हो गई थी। इस घटना के बाद प्रशासन ने कार्यवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसे लेकर अमर उजाला ने पहले ही प्रशासन को चेताया था। प्रशासन समय रहते इस ओर ध्यान देता तो एक और बच्चे को जान न गवांनी पड़ती।
क्षेत्र में चल रहे स्विमिंग पूलों की जांच करायी जाएगी, जो स्विमिंग पूल अवैध रूप से चल रहे हैं। उनके मालिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - राजीव कुमार शुक्ला, एसडीएम नवाबगंज