मौसम विभाग ने सोमवार से चार दिन तक बादल मंडराने से जताई राहत की उम्मीद
बरेली। दो दिन पहले हुई बारिश के बाद गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को कल से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में अनुकूल माहौल बनने पर घने बादल मंडराने और सोमवार से बृहस्पतिवार तक बारिश के आसार जताए गए हैं। जिससे तापमान में गिरावट होने से गर्मी से काफी हद तक निजात मिलने की बात कही है।
शनिवार की सुबह नौ बजे से तेज धूप ने झुलसाना शुरू कर दिया था। दोपहर 12 बजे तक खिली चटख धूप और चल रही तेज हवाओं ने लू का एहसास कराया। करीब घंटे भर बाद हल्के बादल मंडराए मगर हवाओं ने उन्हें ठहरने न दिया। शाम चार बजे अचानक मौसम का मिजाज बदला और घने बादल मंडराने शुरू हो गए। तेज हवा भी चली। आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. जेपी गुप्ता ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ हावी हो रहा है लेकिन उच्च वायुदाब होने से बादलों का जमावड़ा नहीं लग रहा। रविवार से अनुकूल माहौल बनने पर बादल मंडराएंगे लेकिन बारिश की उम्मीद नहीं है। सोमवार से गुरुवार तक बारिश होने के अनुकूल माहौल बन सकता है। जिससे तापमान में करीब तीन डिग्री तक गिरावट से राहत मिलेगी। शनिवार को तापमान अधिकतम 36.1 और न्यूनतम 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य से दो डिग्री कम है।