बरेली। कोरोना संक्रमण के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे। मुख्यमंत्री के बरेली पहुंचने से पहले ही पुलिस लाइन को सैनिटाइज कराकर बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश रोक दिया गया। काफिला गुजरने के दौरान सड़कों पर भी पुलिसकर्मी तैनात रहे।
कोरोना संक्रमण के चलते इस बार अफसरों पर मुख्यमंत्री की दोहरी सुरक्षा की जिम्मेदारी थी। मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए उनके आने से पहले पुलिस लाइन को पूरी तरह सैनिटाइज कराया गया और फिर बाहरी व्यक्तियों के अंदर जाने पर रोक लगा दी गई। दोपहर करीब तीन बजे पुलिस लाइन पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री जब कलक्ट्रेट रवाना हुए तो सड़क के दोनों ओर पुलिस तैनात रही, ताकि कहीं से कोई व्यक्ति उनके काफिले में प्रवेश नहीं कर सके। कलक्ट्रेट पर भी स्टेशन रोड, मुख्य डाकघर और एसएसपी ऑफिस की ओर बैरिकेडिंग कर आवागमन को रोक दिया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री जब एयरपोर्ट रवाना हुए तो पीलीभीत बाईपास पर भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।