बरेली। दो फरवरी को सभी 50 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और 21 नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले आयोजित किए जाएंगे। संजयनगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मेले का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार और शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार करेंगे। इस मौके पर डीएम नितीश कुमार भी मौजूद रहेंगे।
सीएमओ डॉ. विनीत कुमार शुक्ल ने बताया कि मेले में आयुर्वेद और होम्योपैथी के डॉक्टर भी शामिल होंगे। क्योलडिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आरोग्य मेले का नवाबगंज विधायक केसर सिंह गंगवार, मोहनपुर बिथरी में विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल, गिरधरपुर में विधायक छत्रपाल सिंह गंगवार, फतेहगंज पूर्वी में विधायक श्याम बिहारी लाल और क्यारा के कंधरपुर में सांसद धर्मेंद्र कश्यप उद्घाटन करेंगे। मेले में सभी केंद्रों पर कम से कम चार डॉक्टर रहेंगे जो लोगों के स्वास्थ्य की जांच करेंगे। जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले अब प्रत्येक रविवार को लगा करेंगे।
सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक लगेगा मेला
आरोग्य मेले में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, आरबीएसके की टीमें भी रहेंगी। मेले में ओपीडी की सुविधा होगी। मरीजों की जांच के साथ ही उनको मुफ्त दवाएं दी जाएंगी। आरोग्य मेला सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक लगाया जाएगा।
इन बीमारियों का होगा इलाज
आरोग्य मेले में टीबी, मलेरिया, डेंगू, दिमागी बुखार, फाइलेरिया जैसी बीमारियों की जांच की जाएगी। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना की जानकारी दी जाएगी। गर्भवती महिलाओं के लिए चलने वाली योजनाओं, संस्थागत प्रसव के बारे में बताया जाएगा। पूर्ण टीकाकरण की जानकारी, तंबाकू निषेध का जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।